
बड़वानी दि. 27 (मध्यप्रदेश संपादक : सचिन कमल पटेल) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 मार्च को बड़वानी जिले के दौरे पर रहेंगे। वे ग्राम नागलवाड़ी में आयोजित कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे और ग्राम जुलवानिया में प्रस्तावित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अमले ने तैयारियों का जायजा लेते हुए निरीक्षण किया। डीआईजी (खरगोन रेंज) सिद्धार्थ बहुगुणा और कलेक्टर जयति सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों के संयुक्त दल ने गुरुवार को नागलवाड़ी और जुलवानिया पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया।

दल ने सबसे पहले नागलवाड़ी स्थित प्रसिद्ध भीलट देव मंदिर पहुंचकर दर्शन मार्ग और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को परखा। यहां मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्य भीलट देव के दर्शन करेंगे।इसके बाद अधिकारियों ने उस स्थल का दौरा किया जहां कैबिनेट की बैठक प्रस्तावित है। कलेक्टर जयति सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनियों और पंडालों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गर्मी के मद्देनजर आमजन के लिए पेयजल और छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के दौरान डीआईजी श्री बहुगुणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने हेलीपैड की बैरिकेडिंग और वहां से मुख्य मार्ग तक के सुरक्षा घेरे का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आवश्यकता अनुसार पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। यातायात को सुगम बनाने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दूसरे चरण में वे ग्राम जुलवानिया में आयोजित भगोरिया उत्सव में शामिल होंगे। यह आदिवासी बहुल क्षेत्र का प्रमुख पारंपरिक उत्सव है, जिसमें मुख्यमंत्री का शामिल होना इसे विशेष बना देगा। अधिकारियों ने भगोरिया हाट स्थल पर मंच व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट के रूट का भी निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोक निर्माण विभाग के अभियंता और अन्य संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।