रेस्ट हाउस में जुटे कार्यकर्ता, चारों विधानसभा सीटों पर बूथ तक मजबूत होगा संगठन
बड़वानी दि. 4 (मप्र) (संपादक : सचिन कमल पटेल ) – स्थानीय रेस्ट हाउस में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस मंथन सत्र का उद्देश्य आगामी त्रिस्तरीय पंचायत, नगर परिषद, नगर पालिका और विधानसभा चुनावों की तैयारियों को परखना तथा जमीनी कार्यकर्ताओं की पकड़ और सशक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार करना था। बैठक में सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवार रिपोर्ट प्रस्तुत की। सदस्यता अभियान और चुनावी मोर्चे की स्थिति की बारीकी से समीक्षा हुई।

कार्यकर्ताओं ने अपनी उपलब्धियों और चुनौतियों से अवगत कराया। संगठन में नई ऊर्जा के संचार के लिए कार्यकारिणी में फेरबदल किया गया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता अनिल बड़ोले को नया जिला सचिव नियुक्त किया गया। वहीं, युवा चेहरा पंकज गोरे को एक बार फिर राजपुर विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया। दोनों के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। निर्णय लिया गया कि अब जिला स्तरीय बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित होगी।

साथ ही, चारों विधानसभा क्षेत्रों में भी नियमित समीक्षा के जरिए जनसंपर्क और चुनावी रणनीति की गति बढ़ाई जाएगी। राजपुर विधानसभा अध्यक्ष दिनेश चौहान ने कहा, “पार्टी सामाजिक न्याय और संवैधानिक हकों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अगला विधानसभा चुनाव हम पूरी मजबूती से लड़ेंगे, और नगरीय निकायों में भी असरदार उपस्थिति दर्ज कराएंगे।” उन्होंने युवाओं को आगे लाकर बहुजन महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। बैठक में बूथ स्तर तक विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने की रणनीति भी तय हुई।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बद्री वर्मा, जिला उपाध्यक्ष बलराम शिंदे, सावन आमकरे, जितेंद्र आमकरे, सचिन पटेल सहित कार्यकारिणी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बेहतर प्रदर्शन की शपथ ली।