विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सप्ताहभर होंगे विभिन्न कार्यक्रम

राजपुर, 26 जुलाई। (जिला प्रतिनिधी) – – – – – – – – विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) के अवसर पर आयोजित होने वाले सप्ताहभर के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर रविवार को राजपुर के रेस्ट हाउस में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और छात्र संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 अगस्त 2026 को राजपुर में विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे दशहरा मैदान, राजपुर में समाज के लोग एकत्र होंगे। इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-मांदल और सांस्कृतिक झांकियों के साथ विशाल आदिवासी सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंडी प्रांगण पहुंचेगी, जहां विशाल आमसभा का आयोजन होगा। आमसभा में आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, संविधान द्वारा दिए गए अधिकार, शिक्षा, रोजगार, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वक्ता अपने विचार रखेंगे। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने और प्रचार-प्रसार तेज करने का निर्णय लिया गया। साथ ही विभिन्न समितियों का गठन कर अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। बैठक के अंत में मुन्ना मोरे, सचिन पटेल, पंकज गोरे, दिनेश चौहान, मुकेश पटेल, बालकृष्ण जमरे, अखिलेश पटेल, विनोद डावर, जगदीश डावर, राजेंद्र मुजाल्दे, छगन बघेल, अखिलेश बालके और हरिओम बघेल सहित अन्य समाजजनों ने 7 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में राजपुर पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।