राजपुर में स्वतंत्रता दिवस पर बाबा साहेब की प्रतिमा की अनदेखी, बसपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दि. 20 राजपुर, (संपादक मध्यप्रदेश: सचिन कमल पटेल ) —- 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे नगर में जहाँ विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर सफाई, पूजन-अर्चन और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई, वहीं कोर्ट परिसर में स्थित संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की कथित अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में नाराजगी पैदा कर दी है। इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने राजपुर तहसीलदार को जिला बड़वानी के कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इस घटना की निष्पक्ष जांच करने और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बसपा विधान सभा उपाध्यक्ष पंकज गोरे ने बताया कि 15 अगस्त 2026, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद एवं संबंधित प्रशासन ने शहर की अन्य प्रतिमाओं की साफ-सफाई, पूजन एवं माल्यार्पण तो किया, लेकिन कोर्ट परिसर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर न तो उचित सफाई की गई, न पूजन-अर्चन किया गया और न ही माल्यार्पण किया गया, जो किसी भी राष्ट्रीय पर्व पर अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं गंभीर है। पूर्व जोन प्रभारी बालकृष्ण बाविस्कर ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर केवल किसी एक समाज के महापुरुष नहीं हैं, बल्कि वह भारत के संविधान के निर्माता, सामाजिक न्याय, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रबल पक्षधर और राष्ट्रनिर्माता हैं, ऐसे महान विभूति की प्रतिमा का राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार नजरअंदाज किया जाना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक विषय है, अतः प्रशासन को तुरंत इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि प्रतिमा की सफाई, रखरखाव एवं राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मान कार्यक्रम की जिम्मेदारी किस अधिकारी या कर्मचारी की थी, इसे स्पष्ट किया जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

इस दौरान जिला अध्यक्ष बद्रीलाल वर्मा, जिला सचिव अनिल बडोलें, नगर अध्यक्ष महेश अहिरे, पूर्व जोन प्रभारी बालकृष्ण बाविस्कर, विधानसभा अध्यक्ष अनिल सोनवणे, विधानसभा प्रभारी हरि मोरे, सेंधवा नगर अध्यक्ष जितेंद्र आमकरें, महेश दरबार, जितेंद्र वास्कले, भुरला बडोलें, प्रकाश बडोलें, संतोष पंचोले, राहुल कीराडे, संजय वास्कले, भगवान खराडे, रामलाल पंचोले सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top