
राजपुर (बड़वानी) दि.18 नोव्हेंबर ———————— (संपादक मध्यप्रदेश:सचिन कमल पटेल) आदिवासी समाज के महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बहुजन समाज पार्टी जिला बड़वानी के तत्वावधान में राजपुर विधानसभा क्षेत्र में एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदिवासी समाज की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन पर अधिकार और शोषण के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले और मान्यवर कांशीराम साहब के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।विचार संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता के प्रतीक थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल बजाया था और उनका प्रसिद्ध नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी आदिवासी समाज को अपने अधिकारों और स्वशासन के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों को समझकर उन्हें अपने जीवन में उतारना होना चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा मध्य प्रदेश के मुख्य जोन प्रभारी एडवोकेट कमलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी में शिक्षित, जागरूक एवं ऊर्जावान युवाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत हो सके। इसी उद्देश्य के तहत संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अनिल बडोले को जिला उपाध्यक्ष तथा रोहित शिंदे को बड़वानी विधानसभा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, जिनका उपस्थित पदाधिकारियों ने स्वागत किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा जिला अध्यक्ष बद्री वर्मा ने की, संचालन अनिल बडोले ने किया और आभार प्रदर्शन राजपुर विधानसभा अध्यक्ष दिनेश चौहान ने माना। इस अवसर पर प्रेम सिंह वास्केल, महेश चौहान, संतोष अजनारे, जितेंद्र आमकरें, सेंधवा नगर अध्यक्ष महेश दरबार, नगर कोषाध्यक्ष डेविड अहीरे, जिला महासचिव महेश अहीरे सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान बिरसा मुंडा, डॉ. अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले और कांशीराम साहब के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।