सेंधवा में 19 जून को उद्यमिता का महाकुंभ, एससी-एसटी युवाओं को मिलेगा उद्योग स्थापना का सुनहरा अवसर

बड़वानी, 17 जून। ( मध्यप्रदेश संपादक : सचिन कमल पटेल ) —अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं, उद्यमियों और व्यवसायियों को स्वरोजगार एवं उद्योग जगत से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डिक्की) द्वारा राष्ट्रीय एससी-एसटी हब तथा एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 19 जून 2026 को होटल अग्रवाल मिडवे, सेंधवा में एससी-एसटी उद्यमिता जागरूकता एवं स्पेशल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा।कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है। इस विशेष आयोजन में केंद्र सरकार के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकिंग संस्थानों तथा उद्योग विकास से जुड़ी एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ भाग लेकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को 25 लाख रुपये तक की कैपिटल सब्सिडी, बैंक ऋण सुविधाएं, जेम (GeM) पोर्टल पंजीयन, वेंडर रजिस्ट्रेशन, सरकारी खरीद प्रक्रियाओं में भागीदारी, मार्केट एक्सेस, उद्यम पंजीकरण एवं विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उद्योग की स्थापना कैसे की जाए तथा सार्वजनिक उपक्रमों और सरकारी विभागों के साथ व्यावसायिक अवसर कैसे प्राप्त किए जा सकते हैं।कार्यक्रम में नेशनल एससी-एसटी हब, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, एनएसआईसी, एमएसएमई-डीएफओ इंदौर, एनटीपीसी, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, आईओसीएल, एचपीसीएल सहित अनेक केंद्रीय उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त बैंकिंग क्षेत्र एवं राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।डिक्की मध्यप्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. अनिल सिरवैया तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बड़वानी के महाप्रबंधक श्री एस.एल. सोलंकी ने जिले के युवाओं, महिलाओं, स्टार्टअप्स, उद्यमियों और व्यवसायियों से इस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिभागियों को वित्त, बाजार, सरकारी खरीद प्रणाली और उद्योग स्थापना से जोड़ने का एक सशक्त मंच साबित होगा।कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. दयाराम सिंगोरिया ने बताया कि बड़वानी जिले में पहली बार एससी-एसटी हब का आयोजन किया जा रहा है। कृषि प्रधान जिले में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की व्यापक संभावनाओं तथा जनजातीय क्षेत्र में स्वरोजगार की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए यह कार्यक्रम स्थानीय युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।इच्छुक प्रतिभागी अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 9575929004 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top